बाराबंकी शहर के एक लॉज में ठहरे लखनऊ निवासी युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के समय वह परिवार से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है।
बाराबंकी में बुधवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। लखनऊ में रह रहे परिवार से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और परिजनों को जानकारी दी। प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा बताया जा रहा है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार बाराबंकी शहर के छाया चौराहे के पास स्थित मधुबन लॉज में देर रात कर्मचारियों ने एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका देखा। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे के भीतर युवक का शव लटका पाया, जबकि पास ही उसका मोबाइल फोन पड़ा हुआ था।
मोबाइल की जांच के आधार पर मृतक की पहचान लखनऊ के बाजारखाला क्षेत्र स्थित टिकैतराय कॉलोनी निवासी शशांक सक्सेना (35) के रूप में हुई। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों से बातचीत में सामने आया है कि शशांक घटना के समय वीडियो कॉल पर बात कर रहा था और उसी दौरान उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
विज्ञापन
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं लॉज में भी हड़कंप की स्थिति रही।