बाराबंकी। औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी में हुई इंवेस्टर्स समिट को पूरे प्रदेश में बतौर रोल मॉडल लागू कर दिया गया है। जिलाधिकारी की पहल और प्रयासों की सराहना मुख्यमंत्री की ओर से किए जाने के बाद मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को आदेश जारी कर बाराबंकी की तर्ज पर अपने यहां भी कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं, जिससे फरवरी में होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 2023 के लिए अधिक से अधिक निवेशकों को प्रेरित किया जा सकेे।
कुर्सी रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में 19 दिसंबर को हुई जिला स्तरीय इंवेस्टर्स समिट में अलग-अलग क्षेत्रों के उद्यमियों ने 867 लाख रुपये के एमओयू साइन किए थे। इस मौके पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, डीएम अविनाश कुमार समेत तमाम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने निवेशकों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण का आश्वासन दिया था। इस इंवेस्टर्स समिट की पूरी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई थी।
डीएम की सोच का परिणाम ये रहा है कि जितनी उम्मीद की जा रही थी, उससे ज्यादा उद्यमी इस समिट में आए थे और निवेश के लिए एमओयू पर साइन किए थे। जिलाधिकारी के इस प्रयास की प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने अभी हाल ही में वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान काफी सराहना की थी और इसे पूरे प्रदेश में लागू किए जाने का आदेश दिया था।
सीएम के आदेश के बाद मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने आदेश जारी कर कहा है कि 20 जनवरी 2023 तक इसी प्रकार की जनपद स्तरीय इन्वेस्टर्स समिट सभी जिले में आयोजित की जाए और उद्योगपतियों की लंबित समस्याओं का समाधान कराया जाए, जिससे फरवरी में होने वाली उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा सके।