सतरिख। थाना सतरिख के बरकटही गांव में आई एक बरात पर गांव के ही कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बरातियों को जमकर पीटा और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। बताया जा रहा है कि हमलावरों की लड़की पक्ष से रंजिश थी।
लोनीकटरा क्षेत्र के मंझार गांव निवासी हंसराज ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके भाई पिकराज निषाद की बरात 23 नवंबर की शाम सतरिख थाना क्षेत्र के बरकटही गांव में नवमी लाल निषाद के यहां आई थी। द्वार पूजा की रस्म पूरी होने के बाद बरकटही गांव के राजेंद्र, अंगद, छोटू, राजू और मंगल ने लाठी-डंडों और ईंटों से बरात पर हमला कर दिया। हमलावरों ने गाड़ियों में बैठे सभी बरातियों को जमकर पीटा और वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस हमले में एक रिश्तेदार, जाटा बरौली निवासी बहादुर के सिर पर गंभीर चोट आई है। हमले में कई अन्य भी घायल हुए हैं। एसएचओ डीके सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पांच लोगों को नामजद और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।