बाराबंकी। शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और छात्रों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ को रोकने के लिए डीआईओएस अमिता सिंह ने अपनी मंशा साफ कर दी है। उन्होंने जिले में बिना वैध मान्यता के धड़ल्ले से चल रहीं अमान्य कक्षाओं के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई स्कूल निर्धारित मानकों को ताक पर रखकर बिना अनुमति के ही उच्च कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं। निरीक्षण और जांच के बाद प्रशासन ने इस पर कड़ा रुख अख्तियार किया है।
मंगलवार को विभाग की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि कोई भी विद्यालय बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों को भारी जुर्माने और तालाबंदी का सामना करना पड़ेगा। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों का दाखिला कराने से पहले स्कूल की मान्यता की जांच जरूर कर लें।
बिना मान्यता के किसी भी कक्षा का संचालन पूरी तरह गैरकानूनी है। ऐसे सभी विद्यालयों को चिह्नित कर उन पर रोक लगा दी गई है। आदेश के बाद भी कोई प्रबंधन चोरी-छिपे अमान्य कक्षाएं चलाता मिला तो प्रधानाचार्य और प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। छात्रों के भविष्य से समझौता नहीं होगा।
-अमिता सिंह, डीआईओएस