बाराबंकी। जिले में किसानों को घटिया बीज बेचने वाली कंपनी को जिला कृषि अधिकारी ने प्रतिबंधित कर दिया है। किसानों से अपील की गई है कि प्रतिबंधित कंपनी का बीज किसी भी हालत में न खरीदें। प्रतिबंधित कंपनी के बीज बेचने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई तय होगी।
जिला कृषि अधिकारी राजितराम ने बताया कि मेसर्स पतरू एग्री बायोटे. कंपनी के धान बीज पूसा बासमती में पकने की अवधि के बाद भी फसल में बालियां न आने की शिकायत मिली थी। इसकी सत्यता परखने के लिए धौसारपुरवा गांव में एक किसान के खेत का निरीक्षण किया तो शिकायत सही मिली। इसके बाद संबंधित कंपनी के अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया लेकिन कंपनी की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया। भाकियू ने भी कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। इसे देखते हुए ही कृषि विभाग की तरफ से उक्त कंपनी के बीज की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया गया है। (संवाद)