बाराबंकी। केडी सिंह बाबू स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही बालाजी डिस्ट्रिक्ट ओपन क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला रविवार को तुफैल क्रिकेट क्लब बनाम बाला जी आर्य के बीच खेला गया। इसमें बालाजी आर्य की टीम ने फाइनल पर कब्जा जमा लिया।
टॉस जीतकर बालाजी आर्य ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और तुफैल क्रिकेट क्लब को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए तुफैल क्रिकेट क्लब ने अपने निर्धारित 30 ओवरों में सात विकेट खोकर 98 रन बनाए। तुफैल क्रिकेट क्लब की ओर से साद खान ने सर्वाधिक 35 रन और कृष्णा साहू ने 12 रनों का योगदान दिया।
बालाजी आर्य टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए कृतज्ञ सिंह ने तीन, चंद्रेश कुमार ने दो व नजरुल हसन व बिपिन चंद्र ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। बालाजी आर्य टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 12.2 ओवरों में आसानी से जीत हासिल कर ली। बालाजी आर्य टीम की ओर से बैटिंग करते हुए सलामी बल्लेबाज कृतज्ञ सिंह ने 67 रन, सत्यम अवस्थी ने 15 रन बनाए।
तुफैल क्लब की ओर से सुफियान ने दो विकेट प्राप्त किए और इस प्रकार बालाजी आर्य ने चैंपियनशिप पर कब्जा किया। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि फवाद किदवई द्वारा किया गया। ‘मैच के मैन ऑफ मैच’ पुरस्कार कृतज्ञ सिंह को बीडीसीए सचिव जावेद चौधरी ने प्रदान किया।
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार तुफैल क्रिकेट क्लब के साद खान को दिया गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का इनाम तुफैल क्रिकेट क्लब के सुफियान खान को मिला। बीडीसीए के संयुक्त सचिव अंकुर माथुर ने सभी मुख्य अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन किया।