बाराबंकी। गरीबों को बेहतर उपचार की सुविधा मिले। इसके लिए शासन तो गंभीर है, मगर जिम्मेदार लापरवाही बरत रहे हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गरीबों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रगति धीमी पाए जाने पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए इसमें सुधार के आदेश दिए हैं। सीएमओ, जिला पूर्ति अधिकारी और सभी बीडीओ को इसे गंभीरता से लेने को कहा गया है। इसमें कोटेदारों और पंचायत सहायकों को लगाया गया है। जिसमें साफ कहा गया है कि कोटेदार और पंचायत सहायक आपसी तालमेल बनाकर पात्रों के गोल्डन कार्ड बनवााएंगे। इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में अंत्योदय कार्डधारकों की संख्या करीब एक लाख 13 हजार है। राशनकार्डों में दर्ज व्यक्तियों की संख्या तीन लाख 18 हजार 88 है और इन सभी के आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाए जाने हैं। मगर अभी तक महज एक लाख 25 हजार 94 लोगों के ही कार्ड बनाए जा सके हैं। एक लाख 92 हजार 994 लोग ऐसे हैं, जिनके योजना के तहत कार्ड बनाए जाने हैं।
सीडीओ एकता सिंह की ओर से की गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिम्मेदारों की लापरवाही उजागर होने पर नाराजगी जताते हुए सुधार के आदेश दिए गए हैं। कार्ड बनाए जाने के कार्य में तेजी लाने के आदेश डीएसओ, नोडल अधिकारी आयुष्मान और बीडीओ को दिए गए हैं। डीएसओ डॉ. राकेश कुमार तिवारी का कहना है कि जिले के सभी कोटेदारों को पंचायत सहायकों से तालमेल बनाकर अनाज लेने आने वाले सभी अत्याेदय कार्ड में शामिल लोगों के कार्ड बनवाने में पूरा सहयोग करने के आदेश दिए गए हैं।
आयुष्मान योजना के तहत अंत्योदय कार्ड में शामिल करीब तीन लाख 18 हजार लोगों में से एक लाख 25 हजार लोगाें के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। जो अवशेष हैं, उनके भी जल्द से जल्द कार्ड बनवाने के आदेश नोडल अधिकारी आयुष्मान योजना को दिए गए हैं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. अवधेश कुमार यादव, सीएमओ
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आयुष्मान योजना के तहत अंत्योदय कार्ड में शामिल लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने की समीक्षा की गई है। पात्रों को योजना का लाभ दिलाने के लिए सीएमओ, डीएसओ और सभी बीडीओ को निर्देश दिए गए हैं।
- एकता सिंह, सीडीओ