बाराबंकी। आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर शुरू किए गए अभियान के पहले दिन बृहस्पतिवार को करीब 600 लोगों के कार्ड बनाए गए। अभियान का शुभारंभ सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार यादव ने देवा के खेवली गांव से किया। कहा कि अभियान में जिन कर्मचारियों को लगाया गया है वह पूरी मेहनत और ईमानदारी से कार्य करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि पहले दिन जिले के 627 गांवों में कैंप लगाए गए। इन कैंपों के माध्यम से अभियान के पहले दिन जिन लोगों के नाम सूची में थे और वह पात्रता की श्रेणी में आते थे, ऐसे करीब 600 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं या फिर बने हुए हैं, वह सरकारी अस्पतालों में या फिर संबद्ध अस्पतालों में अपना पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। वहीं पंचायत सहायकों ने बताया कि एक साथ पूरे प्रदेेश में अभियान शुरू किए जाने से नेटवर्क की समस्या कई बार आई। इसकी वजह से जिस गति से कार्ड बनाने का कार्य किया जाना चाहिए था उस गति से नहीं हो पाया। हालांकि दोपहर बाद नेटवर्क में काफी सुधार हुआ तब जाकर स्थिति कुछ सुधर सकी।