बाराबंकी। कोविड-19 के बचाव के लिए जन जागरूकता अभियान व सड़क सुरक्षा सप्ताह शुरू किया गया। एआरटीओ कार्यालय से ई-रिक्शा वाहनों को विधायक सतीश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं माती क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली गई।
जन जागरूकता अभियान व सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत बुधवार को एआरटीओ कार्यालय परिसर से दरियाबाद विधायक सतीश शर्मा ने दस ई-रिक्शा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एआरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने बताया कि 18 से 24 नवंबर के मध्य जन जागरूकता अभियान व सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यातायात नियमों का पालन कराना और अपने जीवन को सुरक्षित करना है। इसके तहत कोविड-19 के बचाव व सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए पंपलेट, स्टीकर, हैंडबिल का वितरण किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट एवं सीट बेल्ट की चेकिंग की गई। हेलमेट व सीट बेल्ट न लगाने वालों को प्रवर्तन अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़ी व कोविड-19 के बचाव के लिए जानकारी भी दी गई। इस मौके पर एआरटीओ (प्रवर्तन) अयोध्या शिखर ओझा, एआरटीओ प्रशासन पंकज सिंह, डॉ. सर्वेश गौतम, राहुल श्रीवास्तव व उमाशंकर मिश्र आदि मौजूद रहे।
वहीं माती क्षेत्र के चिनहट देवा रोड बरेठी स्थित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आश्रय वेलफेयर फाउंडेशन लखनऊ द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। मास्क लगाए स्कूल के बच्चों ने डिस्टेंस का पालन करते हुए दुंदपुरवा चौराहे से होते हुए बरेठी गांव तक रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर पीसी शर्मा, अनिल कुमार मौर्य, दशरथ मिश्र, सिद्धकरन मिश्रा, संजय कुमार, रंजीत, अमित श्रीवास्तव, राणा प्रताप सिंह, मधू कश्यप, दीपक, अंकित व सूरज समेत स्टूडेंट मौजूद रहे।