बाराबंकी। स्ट्राबेरी खेती को बढ़ावा देने के लिए जिले के किसान अमरेन्द्र प्रताप सिंह को सम्मानित
- फोटो : BARABANKI
बाराबंकी में केले की उन्नतिशील खेती के साथ-साथ स्ट्राबेरी, तरबूज, खरबूजा, हल्दी, शिमला मिर्च व गोभी की आधुनिक खेती करने वाले किसान अमरेंद्र प्रताप सिंह को राज्य स्तरीय पुरस्कार मिला है। रविवार को लखनऊ में यूपी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा प्रदेश के जिन चार किसानों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। उनमें जिले के प्रगतिशील किसान अमरेंद्र को भी सम्मान मिला।
सूरतगंज ब्लॉक के दौलतपुर निवासी किसान अमरेंद्र ने छह साल पहले केले की आधुनिक खेती से शुरूआत की। इसके बाद खेती के प्रति अमरेंद्र की रुचि इतना बढ़ी कि यू-ट्यूब के जरिए वह तरबूज, खरबूजा, हल्दी, शिमला मिर्च व गोभी की उन्नतिशील खेती शुरू कर जिला स्तरीय कई पुरस्कार हासिल किए। इसके बाद चार साल पहले आधा एकड़ भूमि से स्ट्राबेरी की उन्नतिशील खेती शुरू कर अपनी अलग पहचान बनाई।
वर्तमान में 50 एकड़ में खेती करने वाले अमरेंद्र डेढ़ एकड़ में स्ट्राबेरी की खेती कर रहे हैं। किसान अमरेंद्र ने बताया कि एक एकड़ स्ट्राबेरी की खेती पर करीब चार लाख रुपये की लागत आती है। इसके बाद लागत मूल्य निकालकर करीब तीन से चार लाख रुपये का मुनाफा प्रति एकड़ होता है।
वह अपनी फसल को लखनऊ मंडी में बेंच देते हैं। अमरेंद्र की स्ट्राबेरी की खेती को कृषि विभाग ने सराहा और इसको बढ़ावा देने के लिए रविवार को अमरेंद्र को लखनऊ में आयोजित यूपी दिवस के कार्यक्रम में प्रशस्त्रि पत्र देकर मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इस मौके पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप सिंह शाही, अपर मुख्य सचिव कृषि डा. देवेश चतुर्वेदी व कृषि निदेशक डा. एपी श्रीवास्तव मौजूद रहे।