देवा (बाराबंकी)। देवा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम टायर फटने के अनियंत्रित हुआ एक तेज रफ्तार ऑटो दो बाइकों से भिड़ गया। हादसे में एक बाइक पर सवार युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल व सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना से पीड़ितों के परिवार में कोहराम मचा है।
शुक्रवार की शाम करीब छह बजे देवा कुर्सी मार्ग पर सीएनजी से चलने वाला ऑटो सवारी भरकर तेज गति से कुर्सी की ओर जा रहा था। इसी दौरान भिटौली गांव के निकट अचानक ऑटो का टायर फट गया। ऑटो अनियंत्रित होकर कुर्सी की ओर से आ रही दो तेज रफ्तार बाइकों से टकरा कर सड़क किनारे पलट गया। इस भीषण हादसे में दोनों बाइक पर सवार चार लोग और ई रिक्शा में बैठे सात लोग गंभीर घायल हो गए। क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को पुलिस ने देवा सीएचसी पहुंचाया। जहां बड्डूपुर निवासी संदीप कुमार (40) को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि टीपहार देवा निवासी मिथुन (19), फतेहपुर निवासी दिनेश (42), गंगवारा देवा के सहजराम (48), सुमैया (25) को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सहजराम की भी मौत हो गई।
घायलों में शामिल सीतापुर के अल्ताफ (25), गोपालपुर देवा के अरबाज (28), कोरडीमयू निवासी अल्ताफ (25), देवा के जगदीशपुर निवासी पूनम (10), आकांक्षा (6), सुमन (35) और भटेहरा निवासी दयाशंकर (55) का इलाज सीएचसी पर किया जा रहा है। देवा के कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में एक की मौत मौके पर जबकि दूसरे की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। मामले की जांच की जा रही है।