बाराबंकी। टैंपो स्टैंड के नाम पर पल्हरी चौराहा पर कथित ठेकेदारों व उनके सहयोगियो द्वारा ऑटो चालकों से रूपये की जबरन वसूली किए जाने के विरोध में चालकों प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे चालकों ने डीएम को संबोधित अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार प्रियंका त्रिपाठी को सौंपा।
ऑटो चालक सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश कुमार व कार्यकर्ताओं ने गन्ना संस्थान परिसर में अपने वाहन के साथ एकत्रित होकर विरोध-प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि वाहनों के संचालन में कथित ठेकेदार और उनके सहयोगियों द्वारा अवरोध उत्पन्न किया जाता है। चालकों से स्टैंड के नाम पर वसूली की जाती है। मना करने पर गाली-गलौज कर सिटी में परमिट मिले वाहनों को शहर के अंदर आने से जबरन रोका जाता है।
चालकों का कहना था कि एआरटीओ द्वारा सिटी वाहनो के संचालन हेतु 16 किमी का परमिट जारी किया जाता है। डीएम को सौंपे ज्ञापन में ऑटो चालकों का उत्पीड़न रोकने व पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन में दुर्गेश कुमार, आदित्य कुमार, आशीष कुमार, मो.सलीम सहित बड़ी संख्या में चालक संघ से जुड़े पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।