बाराबंकी। जमुरिया नाले की सफाई में दोनों किनारे पर लगे बिजली के खंभे सफाई कार्य में अड़ंगा लगा रहे हैं। बरसात से पहले ही नाले की सफाई कराने के अभियान में जुटे प्रशासनिक अफसरों ने बाधा बन रहे इन बिजली के खंभों को शिफ्ट करवाने की प्रक्रिया शुरू की है। ताकि इसके कारण नाले की सफाई का कार्य प्रभावित न होने पाए।
मंगलवार को कमरिया बाग के निकट जमुरिया नाले की सफाई का कार्य शुरू हुआ। प्रशासनिक अमला बरसात के रफ्तार पकड़ने से पहले ही हर संभव स्तर पर जमुरिया नाले की सफाई का कार्य पूरा कराने की कवायद में जुटा है। सफाई कार्य को रफ्तार देने के लिए ही अब तक नाले के दोनों छोर पर जेसीबी मशीनें लगाकर सफाई का कार्य कराया जा रहा है। लेकिन नाले के किनारे पर लगे विद्युत पोल सफाई कार्य में रुकावट डाल रहे हैं। एसडीएम सदर विजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिन लोगों के निर्माण कार्य सफाई कार्य के घेरे में आ रहे हैं, वह लोग अब स्वयं आगे आकर अपना अतिक्रमण हटा रहे है। इससे प्रशासन को बड़ी राहत मिली है।
बताया कि अतिक्रमण हटवाने का विरोध करने वालों से भी पूरी सख्ती से निपटा जा रहा है। बताया कि नाले की सफाई होने से शहर के ही लोगों को इसका लाभ मिलेगा इसीलिए प्रशासन चाहता है कि बारिश शुरू उससे पहले ही नाले की सफाई का कार्य पूरा कर लिया जाए। बताया कि नाला सफाई में अड़ंगा बने बिजली के खंभों को भी जल्दी शिफ्ट कराने के लिए बिजली विभाग के मिलकर कार्ययोजना तैयार की जा रही है।