बाराबंकी। दावत खाने के दौरान हुए विवाद में सोमवार की देर शाम एक युवक को गोली मार दी गई। युवक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक रामनगर क्षेत्र के अइमा निवासी केशन (42) और मड़ना निवासी इंद्र सिंह के बीच रविवार को लहड़रा में दावत खाने के दौरान विवाद हो गया था। सोमवार की देर शाम केशन अपने घर के बाहर मौजूद था तभी इंद्र सिंह अपनी बंदूक लेकर पहुंचा और अभद्रता करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने बंदूक से केशन पर फायर कर दिया। गोली केशन के पेट में लगी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजनों ने उसे सीएचसी रामनगर पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सीओ रामनगर उमाशंकर सिंह ने मौके पर जांच की। सीओ ने बताया कि विवाद के चलते सोमवार शाम इंद्र सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से केशन को गोली मारी है। उसकी हालत गंभीर है। अभी तहरीर नहीं मिली है। आरोपी की तलाश की जा रही है।