आशा बहू स्वास्थ्य विभाग की वह मजबूत कड़ी है, जो हर घर को स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाती है। जब से आशा बहुओं की नियुक्त की गई तब से शिशु एवं मातृ-मृत्यु दर के सही आंकड़े सरकार तक पहुुंच रहे हैं। जिस प्रकार टीकाकरण, पोलिया समेत कई कार्यक्रम को सफल बनाया है उसी प्रकार आयुष्मान व जन औषधि योजना के बारे में जन-जन को जागरुक करने की जरूरत है। यह बातें आडीटोरियम में आयोजित आशा दिवस कार्यम के मौके पर सासंद प्रियंका सिंह रावत ने कही।
जीआईसी स्थित आडीटोरियम में आयोजित आशा सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद ने सस्ती दवाओं के लिए जिला अस्पताल में खुले जन औषधि केंद्र और आयुष्मान भारत द्वारा मिलने वाले पांच लाख रुपये तक का इलाज करने की जानकारी लोगों को घर घर जाकर देने को कहा। जिलाधिकारी उदयभानु त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर आशा बहुओं को सुनाया। सीएमओ डॉ. रमेश चंद्र ने कार्यक्रम में आई आशा बहुओं को निष्ठापूर्ण तरीके से कार्य करने का संकल्प दिलाया। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. आईपी वर्मा, डॉ. राजीव सक्सेना, डीटीओ डॉ. एके वर्मा, यूनीसेफ से डॉ. आरती मिश्रा, डॉ. अवधेश मौर्य समेत स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस के समस्त अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर कार्य करने वाली आशा बहुओं को ब्लॉक वार प्रथम पुरस्कार पाने वाली आशा को पांच हजार, द्वितीय तीन हजार और तृतीय एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। प्रथम पुरस्कार पाने वालों में अंजनी देवी, नीलम द्विवेदी, अनीता वर्मा, सुचेता वर्मा, सुनीता देवी, सीमा पांडेय, शकुंतला देवी, चित्ररेखा, नीलू, अमिता, मीरा सिंह, रानी, किरन राधारानी, नीलम शमिल रहीं।