अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अयोध्या में कमिश्नर से मिलने जा रहे शिवसेना के राज्य प्रमुख को मंगलवार को जैदपुर थानाक्षेत्र मेें अहमदपुर टोल प्लाजा के पास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने शिवसैनिकों से उनकी मांगों का ज्ञापन लेकर छोड़ दिया।
जैदपुर थानाक्षेत्र के अन्तर्गत अहमदपुर टोल प्लाजा पर मंगलवार की सुबह 8 बजे से ही दरियाबाद, रुदौली, टिकैतनगर, असन्द्रा, जैदपुर, रामसनेहीघाट आदि थानों की पुलिस शिवसेना कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए तैनात हो गयी थी।
दोपहर लगभग 12 बजे शिवसेना के राज्य प्रमुख अनिल सिंह अपने 50 साथियों के साथ टोल प्जाला पर पहुंचे जहां पर पहले से मौजूद कई थानों की पुलिस ने घेर लिया और आगे जाने से रोक दिया। सभी को टोल प्लाजा के हॉल में बैठा दिया गया।
शिवसेना के राज्य प्रमुख ठाकुर अनिल सिंह ने बताया कि आज संकल्प दिवस पर हम अपने साथियों के साथ अयोध्या जा रहे थे। राम की नगरी में गंदगी, विद्या कुंड में पानी न होने से हजारों मछिलयां मर गयीं, अधिग्रहित परिक्षेत्र में दर्जनों मंदिर ऐसे हैं जहां पर न तो पूजा होती है और न ही भगवान को भोग लगाया जाता है।
और अयोध्या को अन्तरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल घोषित किया जाए और अयोध्या में अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाया जाए, परिवहन विभाग की बसों को अयोध्या के अंदर से जाने का आदेश दिया जाए ताकि रामलला के भक्तों को आने-जाने के लिए परेशानियों का सामना न करना पडे़।
इन्हीं समस्याओं का ज्ञापन फैजाबाद कमिश्नर को देने जा रहे थे कि रास्ते में उनकी गिरफ्तारी हो गयी। सीओ रामसनेहीघाट आरपी सिंह ने बताया कि शिवसेना कार्यकर्ताआें को अहमदपुर टोल प्लाजा पर गिरफ्तार किया गया है। सभी ने अपनी मांगोें का ज्ञापन एसडीएम को दिया है जिसके बाद उन्हें छोड़ा गया है।
इस अवसर पर बाराबंकी शिवसेना जिला प्रमुख मनोज विद्रोही, प्रदेश महासचिव सुरेश चन्द पाठक, प्रभारी मनोज परिहार, प्रदेश उपप्रमुख ओम प्रकाश शर्मा, प्रदेश सचिव संतराम यादव, सिमरन गुप्ता, मनोज तिवारी, मनोज मिश्रा, राज पटेल, शिवा पाठक, आलोक द्विवेदी, रतन ब्रह्मचारी आदि ने भी गिरफ्तारी दी।