बाराबंकी। शहर से लगे अयोध्या हाईवे पर एक रेस्टोरेंट में मारपीट व फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से पुलिस ने दो अवैध असलहे व दो कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अयोध्या हाईवे पर स्थित रेस्टोरेंट में शुक्रवार रात खाना खाने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग भी की जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। रेस्टोरेंट कर्मी दिलीप घायल हो गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना में लखपेड़ाबाग कालोनी निवासी पुष्कर सिंह, मानवेंद्र व गौरव को गिरफ्तार किया। दो अज्ञात के खिलाफ भी केस दर्ज कराया गया है। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से दो अवैध असलहे व दो कारतूस बरामद किए गए है।