बाराबंकी। कई राज्यों में हाईवे पर ट्रकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। मुरादाबाद के रहने वाले बदमाशों ने कई राज्यों में लूट की करीब चार दर्जन घटनाएं करने की जानकारी दी। आरोपियों के पास से पांच हजार रुपये, एक ट्रक व ट्रक के 13 पहिए बरामद हुए हैं। उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
लखनऊ जोन के एडीजी एसएन सावत ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में बताया कि विशेष पुलिस टीम ने कई राज्यों में हाईवे पर ट्रकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के फिरोज और मुन्ना उर्फ मुशर्रफ निवासी गुरेर थाना मैनाठेर जनपद मुरादाबाद को पकड़ा है। आरोपियों के पास एक कंटेनर (ट्रक), ट्रकों से लूटे गये 13 पहिए, तीन बैटरी, पांच हजार रुपये, दो मोबाइल फोन, तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाशों व उनके अन्य साथियों ने गत दिनों अयोध्या व बाराबंकी में हाईवे पर ट्रक चालकों के साथ लूटपाट की थी। गोरखपुर में सामान पहुंचाकर गुजरात लौटते समय ट्रक चालक सुखचन्दन व क्लीनर रवि तीन सितंबर को रौनाही के पास ढाबे पर खाना खाने के बाद केबिन में सो गए। इस दौरान दोनों को बंधक बनाकर बदमाश ट्रक समेत भाग निकले। चालक से सवा लाख रुपये लूटने के साथ ट्रक के पहिए व बैटरी निकाल ली। रामसनेहीघाट क्षेत्र में हाईवे पर ट्रक में ही दोनों को छोड़कर बदमाश एक कंटेनर से भाग निकले। उसी रात अयोध्या के कैंट क्षेत्र में भी एक ट्रक ड्राइवर से नकदी लूटने के साथ बदमाशों ने गाड़ी के आठ पहिए व दो बैटरी निकाल ली।
एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी के मुताबिक पूछताछ में फिरोज ने बताया कि उसके गांव गुरेर कई लोग ट्रक चलाते हैं। माल पहुंचाकर लौटते समय गिरोह के सदस्य हाईवे पर खड़े ट्रकों में लूटपाट करते हैं। चालकों से नकदी के साथ ट्रक के पहिए खोेल लेते थे। फिरोज का पिता दिलशाद भी हिस्ट्रीशीटर रहा है। उसके भाई अनवर व एक रिश्तेदार के पास कई कंटेनर हैं। पूछताछ में पता चला कि इस गिरोह ने प्रदेश के साथ उत्तराखंड, राजस्थान, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र के हाईवे पर लूटपाट की करीब चार दर्जन घटनाएं की हैं। एडीजी ने बदमाशों को पकड़ने वाली टीम में शामिल प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानन्द राय, अखिलेश सिंह, विवेक सिंह, विजय बहादुर पाण्डेय व अन्य पुलिस कर्मियों को 20 हजार का पुरस्कार दिया है।