बाराबंकी। हैदरगढ़ क्षेत्र हाईवे स्थित एक ढाबे पर छापा मारकर शुक्रवार को पुलिस ने मालिक सहित तीन लोगों को साढ़े चार सौ ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा है। ढाबा मालिक पर ट्रक ड्राइवरों व अन्य को स्मैक बेचने का आरोप है।
कोतवाली पुलिस ने लखनऊ हाईवे पर खरसतिया के पास स्थित पंचवटी ढाबा पर स्मैक बेचे जाने की सूचना पर छापा मारा। पुलिस के मुताबिक ढाबा से मालिक देवशंकर मिश्रा निवासी खरसतिया, हैदरगढ़, राजबहादुर सिंह उर्फ राजू सिंह निवासी गुमावां थाना शिवगढ़, रायबरेली, संतोष मौर्या निवासी नगियामऊ थाना शिवरतनगंज, अमेठी को साढ़े चार स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया वर्ष 2003 में देवशंकर मिश्र के पास से नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने भारी मात्रा में स्मैक बरामद की थी। इस मामले में नौ वर्ष की सजा काटने के बाद उच्च न्यायालय के आदेश से जमानत पर बाहर आया था। उसके बाद ग्राम खरसतिया में पंचवटी नाम से ढाबा खोला और फिर से स्मैक की बिक्री कर रहा था। राजबहादुर सिंह व संतोष मौर्या ढाबा से स्मैक की फुटकर बिक्री करते थे।