बाराबंकी। बैंक से लौट रहे मां-बेटे से बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार को दो हजार रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। दिनदहाड़े हुई घटना की सूचना मिलने पर पुलिस छानबीन की लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका।
यह घटना कोठी क्षेत्र के कैसरगंज सेमरावा मार्ग हुई। अब्बासगंज निवासी सुभाष शुक्रवार को अपनी मां दयावती के साथ सेमरावा स्थित बैंक से रुपया निकालने गया था। सुभाष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मां के खाते से 12 सौ व अपने छात्रवृत्ति के आठ सौ रुपये निकालकर साइकिल से घर लौट रहा था। रास्ते में पूरे बलकपुरवा मोड़ के पास बाइक सवार दो लोगों ने साइकिल में धक्का मारकर गिरा दिया। इसके बाद बाइक सवार बदमाशों ने दो हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। लूटपाट के बाद बदमाश कैसरगंज की ओर भाग निकले। कोठी प्रभारी शैलेश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामला फोन लूट का है। छानबीन की जा रही है।