बाराबंकी। झगड़े के दौरान पत्नी का सिर काटने की घटना में आरोपी पति के साथ उसके भाई व बहनोई को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मृतका के पिता ने तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है। उसके आधार पर तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई।
जहांगीराबाद क्षेत्र के ग्राम बहादुरपुर निवासी अखिलेश रावत ने शनिवार दोपहर झगड़े के दौरान धारदार हथियार से पत्नी रंजना का सिर काट डाला। इसके बाद कटा हुआ सिर लेकर पैदल ही थाने जा रहा था। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे रास्ते में पकड़ लिया। मृतका के पिता राम गोविंद कि तहरीर पर पुलिस ने अखिलेश के उसके विमल और मसौली के करसंडा गांव निवासी बहनोई ओमप्रकाश के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि दहेज हत्या के आरोपी विमल व ओमप्रकाश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।