बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र में हाईवे पर हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई। दो युवक घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, रविवार देर शाम बहराइच के पखरपुर निवासी जितेन्द्र शुक्ला अपनी मां मायावती (60) के साथ अपने रिश्तेदार के घर रामनगर के धनौरा गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के लिए बस से आए थे। हाईवे पर सुरजूपुर गांव के पास बस से उतर कर दोनों पैदल धनौरा की ओर जा रहे थे।
इस दौरान एक बाइक सवार युवक ने मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक भी सड़क पर गिर गया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उन्हें सीएचसी रामनगर भेजा, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार को जिला अस्पताल रेफर किया है। पुलिस के अनुसार जितेंद्र को मामूली चोट आई है। बाइक सवार की पहचान मड़ना गांव निवासी पवन के रूप में हुई है।