बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र के घाघरा नदी पुल के नीचे मृत मिली युवती की हत्या उसके प्रेमी ने अपनी पत्नी व एक करीबी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को घटना का खुलासा किया।
एसपी आकाश तोमर ने बताया कि 24 दिसंबर को रामनगर क्षेत्र में घाघरा नदी पुल के नीचे एक युवती का शव मिला था। जांच में शव की शिनाख्त अकबरी गेट चौक जनपद लखनऊ की रहने वाली युवती के रूप में हुई। युवती की हत्या में शहंशाह खान व उसकी पत्नी आयशा खान उर्फ शिल्पी द्विवेदी निवासी बरौरा हुसैनबाड़ी बालागंज थाना ठाकुरगंज जनपद लखनऊ को गिरफ्तार पर सोमवार को पुलिस ने पूछताछ की तो वारदात का खुलासा हुआ। पता चला कि वारदात में लखनऊ निवासी अफताब भी शामिल था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एसपी ने बताया कि मृतका का पति दुबई में रहता है। उसका शहंशाह खान के साथ प्रेम-प्रसंग था। वह युवती को दूसरी पत्नी की तरह रखता था। यह बात शहंशाह की पत्नी आयशा उर्फ शिल्पी द्विवेदी को पसंद नहीं धी। इसके साथ वह शहंशाह की संपत्ति में हिस्सा भी मांगने लगी थी। हिस्सा मांगने 23 दिसम्बर को वह शहंशाह के घर पहुंची थी। उसने दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी भी दी थी। इसके बाद आयशा व शहंशाह ने परिचित अफताब के साथ मिलकर युवती की हत्या की साजिश बनाई। 24 दिसंबर की भोर गोंडा के लिए निकले और रास्ते में गला दबाकर मारने के बाद घाघरा पुल से नीचे फेंककर फरार हो गए।