बाराबंकी। हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही 14 हजार 400 बोतल अंग्रेजी शराब अयोध्या हाईवे पर रामसनेहीघाट क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक में बरामद की है। ट्रक के साथ उसके चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शराब की छोटी बोतलें तीन सौ पेटियों में भरी थीं। शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई। चालक से पुलिस पूछताछ में पता चला कि उक्त शराब हरियाणा से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही थी।
एएसपी अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि रामसनेहीघाट प्रभारी आलोकमणि त्रिपाठी की टीम ने चेकिंग के दौरान बृहस्पतिवार को हाईवे पर अयोध्या की तरफ जा रहे एक ट्रक को संदेह के आधार पर रोका। ट्रक (यूपी17डीजी 3056) की जांच में अंदर एक मोबाइल शौचालय लदा मिला। उसे उतारकर वेल्डिंग मशीन से काटा गया तो उसमें तीन सौ पेटी अंग्रेजी शराब ( हरियाणा निर्मित ) बरामद हुई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि हरियाणा मार्का शराब की ब्रिकी उत्तर प्रदेश में अवैध है।
इसके आधार पर गाड़ी के पंजीकृत स्वामी, चालक व अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। शराब तस्करों के बारे में जानकारी की जा रही है। चालक विनोद जाट निवासी ग्राम रिन्दाना, जिला सोनीपत, हरियाणा से पुलिस पूछताछ कर रही है। एएसपी ने बताया कि बरामद शराब की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। शराब में मिलावट व उसकी गुणवत्ता की जांच आबकारी टीम कर रही है।