बाराबंकी। कुर्सी क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जिले के साथ लखनऊ से चोरी की गईं आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। चोरी की बाइक खरीदने वाला मिस्त्री फरार है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आरएस गौतम ने बताया कि कुर्सी प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह की टीम ने शुक्रवार को टिकैतगंज से देवा क्षेत्र के सिदवाही निवासी मुन्ना व सरोज रावत को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें व तमंचा बरामद किया गया। एएसपी के मुताबिक पूछताछ में मुन्ना ने बताया कि लखनऊ व बाराबंकी से चोरी बाइकों के नंबर बदलकर गांव के इमरान के हाथ बेचता था।
इमरान बाइक का मिस्त्री है। उसकी दुकान माती मार्ग पर है। बरामद हुई बाइकों में तीन लखनऊ से चोरी बताई गई हैं। एक बाइक बिना नंबर की है। एएसपी ने टीम में शामिल दरोगा कमलेश कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र सिंह, अनिल कुमार, सिपाही हरफान, शेख नईम, विवेकानंद यादव, राघवेंद्र पांडेय, अजय राजभर की प्रशंसा की।