फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: गीतों के बीच अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

Mon, 20 Nov 2023 01:36 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। श्रद्धालुओं से पटे घाट..., ढोल की आवाज पर थिरकते बच्चे व युवा..., सुशोभिता को पूजतीं सोलह श्रृंगार में सजी धजीं सुहागनें, मौसमी सब्जियों व फलों से भरा सूप व दउरा, दीपों व गन्ने के ढेर से सुशोभित वेदियां..., ऐसा मनोरम नजारा छठ महापर्व पर दोपहर तीन बजे से ही नागेश्वरनाथ तालाब, चिलहटा घाट, आलापुर, आवास विकास, पुलिस लाइंस में पूजा स्थलों पर था। उपासना के लिए सभी परिवार के साथ एकत्र थे। शाम के पांच बजते-बजते महिलाएं भरी कोसी हाथों में लिए घुटनों तक पानी में उतर चुकी थीं और निगाहें धीरे-धीरे लाल होते सूरज देवता पर टिकी थीं। कुछ देर बाद ही हर तरफ से छठी मइया और भगवान भास्कर के जयकारे, शंखनाद और मंत्रोच्चार की ध्वनि गूंज उठी। व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य के सामने आंचल फैलाकर आशीष मांगा।
विज्ञापन



नागेश्वरनाथ तालाब पर छठ की छटा इस कदर छाई कि माहौल मेला सरीखा रहा। बच्चों के लिए झूला लगा तो चाट की दुकानें भी लगीं। वीरेंद्र गुप्ता की ओर से चाय का निशुल्क वितरण किया गया। ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी भी कराई गई। पूजा के दौरान जल में प्रवाहित दीपों से मनमोहक छटा बिखर गई। रेठ नदी के चिलहटा घाट, आलापुर घाट, सोमैयानगर, बंकी में पूजा स्थलों पर उत्सव सरीखा माहौल दिखा।

पूजा करने आईं महिलाओं ने करिहा क्षमा छठि मइया भूल चूक गलती हमार..., कबहूं न छूटी छठी मइया, हमनी से बरत तोहार... आदि गीत गाए। नई बस्ती, बिसई, दौलतपुर, बजागहनी, रामनगर, कृष्णानगर, दिनपनाह सलेमाबाद, मौलाबाद, अगासड़ ताला, जयकरन पुरवा, बहरौली, मसौली में व्रती महिलाएं सिर पर पूजा सामग्री डाल में रखकर ढोल के साथ छठ गीत गाते हुए घाट पहुंचीं और पूजा की।
विज्ञापन


टिकैतनगर में सरयू घाट पर महिलाओं ने पूजा-अर्चना की। पोखरा के शिव मंदिर के पास सगरा में चीनी मिल के कर्मचारियों ने पत्नी के साथ छठ पूजा की। चीनी मिल के मुख्य महाप्रबंधक बीके यादव व डॉ. प्रताप सिंह ने पत्नी के साथ छठ पूजा की। इनके अलावा मिल के सुरक्षा अधिकारी निरंजन कुमार ने पत्नी सुमन व मां आशा, हेमचंद झा ने पत्नी रूबी झा, अटल कुमार सिंह ने पत्नी ऊषा सिंह के साथ सूर्य को अर्घ्य देकर विधिविधान से छठ मइया की पूजा की।




एक तरफ मैच तो दूसरी ओर होती रही पूजा
आवास विकास बड़ा पार्क में नजारा अलग ही रहा। एक तरफ मैच का प्रसारण तो दूसरी तरफ पूजा हो रही थी। पूजा के दौरान मैच का साउंड बंद कर दिया गया। सुहागिनें छठ मइया के गीत गा रही थीं। अस्त हो रहे सूर्य को अर्घ्य देकर उल्लासपूर्वक पूजा की। इस दौरान छठ मइया के गीत आस्था के रंग को और गहरा रहे थे।





अर्घ्य के बाद ली सेल्फी
घुटने तक पानी में उतरे परिवार के लिए यह किसी उत्सव से कम नहीं था। पहले अर्घ्य देकर पूजा की, उसके बाद शुरू हुआ सेल्फी का सिलसिला। एक-दूसरे काे मांग से लेकर नाक तक सिंदूर लगाया और सेल्फी ली। एक-दूसरे को वीडियो कॉलिंग करते हुए दूर बैठे अपनों को छठ पूजा के ऑनलाइन दर्शन कराए। छठ मइया के पूजन में सभी रंगे व रमे दिखाई दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें