बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की पहल पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट लोकसभागार में मुख्यमंत्री अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण योजना पर कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य उद्योगों और शिक्षण संस्थानों में समन्वय बनाकर स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ना रहा।
डीएम ने प्रशिक्षण से अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार तक (2026-27) सतत चक्र का विमोचन किया और प्रथम चरण के 125 मेधावी युवाओं को अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के प्रमाण-पत्र वितरित किए। योजना के द्वितीय चरण के तहत राजकीय आईटीआई के छात्रों के लिए उद्योगों की रिक्तियों का नियमित संकलन, पोस्ट प्लेसमेंट समिति का गठन, मासिक एक्सपर्ट लेक्चर, इंडस्ट्रियल विजिट, कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट और युवाओं के लिए पिक-एंड-ड्रॉप जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
डीएम ने इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) और औद्योगिक इकाइयों से युवाओं को अधिक से अधिक अवसर देने की अपील की। कार्यक्रम में सीडीओ अन्ना सुदन, एसडीएम फतेहपुर कार्तिकेय सिंह, उद्योग अधिकारी एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।