कुर्सी (बाराबंकी)। ब्लॉक स्तरीय बाल खेल प्रतियोगिता के दूसरे व अंतिम दिन खिलाड़ियों ने पूरे दमखम के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की आकर्षक प्रस्तुतियों से मौजूद सभी लोगों का मन मोह लिया। अंतिम दिन कबड्डी, खो-खो एवं एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाएं हुई। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन से अनवारी एवं दीनपनाह की टीमें ओवरऑल विजेता घोषित हुई।
सोमवार को कबड्डी में उच्च प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में दीनपनाह और बालिका वर्ग में धौरहरा जबकि खो-खो उच्च प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में बड़ागांव व बालिका वर्ग में अनवारी की टीम विजेता रही। कबड्डी में प्राथमिक स्तर बालक वर्ग अनवारी तथा बालिका वर्ग में दीनपनाह जबकि खो-खो प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में अनवारी और बालिका वर्ग में दीनपनाह की टीम ने जीत हासिल की। इसी तरह प्राथमिक स्तर पर 50 मीटर दौड़ में शहबान, 100 मीटर में इमरान और बालिका वर्ग में 50 मीटर में कशकहा, 100 मीटर में अराध्या प्रथम स्थान पर रही।
प्राथमिक स्तर पर लंबी कूद बालक वर्ग में अरशद और बालिका वर्ग में अराध्या ने बाजी मारी। उच्च प्राथमिक स्तर पर 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में मोहित और बालिका वर्ग में निशा प्रथम जबकि 200 मीटर बालक वर्ग में मोनू और बालिक वर्ग में रोशनी प्रथम स्थान पर रही। लंबी कूद में फैज व रोशनी पहले स्थान पर रही। इससे पूर्व बीएसए संतोष देव पांडेय ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस मौके पर सुषमा सेंगर, शालिनी शर्मा, संदीप वर्मा, हिमेश कुमार आदि मौजूद रहे।