बाराबंकी। ईद-उल-अजहा (बकरीद) त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह बैठक गुरुवार को डीएम ईशान प्रताप सिंह और एसपी अर्पित विजयवर्गीय की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में आयोजित की गई। इसमें सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं की कुर्बानी न करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न समुदायों के नागरिक, धर्मगुरु और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। नमाज के दौरान यातायात बाधित न हो और सड़क पर नमाज अदा न की जाए, यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया। कुर्बानी के अवशेषों का समुचित निस्तारण गड्ढों में दबाकर करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने त्योहार को त्याग, बलिदान और शांति का प्रतीक बताया। उन्होंने कुर्बानी के फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगी। इस अवसर पर एडीएम निरंकार सिंह भी मौजूद रहे।