बाराबंकी। संरक्षित पशुओं का वध करने वाले गिरोह के शातिर सदस्य की 10 जमीनें व छह मकान प्रशासन ने बुधवार को कुर्क कर दिए। जैदपुर थाना क्षेत्र के टेरा व सतरिख थाना क्षेत्र के गोछौरा गांव पहुंची टीम ने ढोल व लाउडस्पीकर से मुनादी करवाने के बाद जमीनों पर सरकारी बोर्ड व मकानों पर ताला लगा दिया। बीते साल संरक्षित पशुओं का वध करने वाले गिरोह को चिह्नित किया गया था। गैंगस्टर लगाने के बाद गिरोह के सदस्यों की अपराध से अर्जित संपत्ति चिह्नित की गई थी। जैदपुर के टेरा गांव निवासी मकसूद की 10 जमीनें व छह मकान भी चिह्नित किए गए थे। बुधवार को पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने टेरा गांव में मकसूद की दो करोड़ 34 लाख रुपये कीमत की नौ जमीनेें व करीब एक करोड़ 53 लाख के छह मकान कुर्क कर दिए। सतरिख के गोछौरा गांव में भी मकसूद की करीब 42 लाख की जमीन कुर्क की गई है। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मकसूद हिस्ट्रीशीटर है। उस पर करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।