बाराबंकी। लगातार पड़ रही उमस भरी गर्मी के बीच शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक होने वाली अघोषित बिजली कटौती उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। विकास खंड सूरतगंज में बिजली कटौती से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। विभागीय अफसरों ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
उधर, शनिवार रात शहर के पल्हरी उपकेंद्र में लोकल फॉल्ट के कारण मारुतिनगर, कार्तिक विहार समेत कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। रविवार को गंगाविहार कॉलोनी में एबीसी लाइन बिछाने के लिए कई घंटे कटौती की गई, जिससे लोगों को गर्मी व पानी की समस्या से रूबरू होना पड़ा। ग्रामीण क्षेत्रों का हाल तो और भी खराब है। कहीं ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे, तो कहीं क्षमता के अनुरूप ट्रांसफार्मर न होने से कटौती हो रही है।
33 केवीए लाइन बदलने व कटौती रोकने की उठाई मांग
सूरतगंज। सूरतगंज-रामनगर रोड फुलपुर चौराहे के निकट रविवार सुबह ग्रामीण सड़क जामकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंचे मोहम्मदपुर खाला थाना एसएचओ अनिल सिंह ने कांवड़ियों के जाने के लिए रास्ता खुलवा दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सूरतगंज पावर हाउस पर धरना-प्रदर्शन किया। जानकारी मिलने पर एक्सईएन दिलीप कुमार व एसडीओ मनोज यादव ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने 33 केवीए लाइन को निंदूरा से हटाकर बेलहरा से चालू करने, लो वोल्टेज व कटौती पर रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सूरतगंज कस्बा, मोहम्मदपुर खाला,चंदूरा,रायपुर, फुलपुर आदि गांव के लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने समस्याओं का निराकरण जल्द कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। एक्सईएन ने बताया कि सूरतगंज की 33 केवीए लाइन मरकामऊ से खींचे जाने की कार्ययोजना स्वीकृत है। इसी के साथ सूरतगंज कस्बे के लिए पांच एमवीए की जगह 10 एमवीए ट्रांसफार्मर लगाने को मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही समस्याएं दूर कर ली जाएंगी।
कटौती के साथ लो वोल्टेज
हैदरगढ़। हैदरगढ़ में रात में हर आधे घंटे पर कटौती होती रही। हैदरगढ़ ग्रामीण उपकेंद्र के सबसे लंबे फीडर त्रिवेदीगंज से जुड़े गांव त्रिवेदीगंज, सोनिकपुर, ठाकुरपुर, सादुलापुर सहित 40 गांवों में पूरी रात बिजली की आवाजाही रही। सुबह साढ़े पांच बजे कटौती के बाद दोपहर दो बजे आपूर्ति शुरू हुई। विद्युत उपकेंद्र सुबेहा के पांचों फीडर से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
10 से 12 घंटे ही मिल रही बिजली
दरियाबाद। विद्युत उपकेंद्र दरियाबाद के नगर पंचायत, हूंसेपुर और मथुरानगर फीडर में लगातार अघोषित विद्युत कटौती जारी है। 10 से 12 घंटे आपूर्ति बमुश्किल मिल रही है। लालगंज, नोहरेपुर, पतुलकी आदि गांवों में खराबी की शिकायत हमेशा रहती है। जर्जर तार व उपकरणों के न बदलने से लोकल फॉल्ट बनी रहती है। इससे क्षेत्र की 50 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हो रही है।
न खिंची लाइन, न बदल रहे ट्रांसफार्मर
घुघंटेर। विद्युत उपकेंद्र कुर्सी के फीडर बाबागंज व अनवरी में आपूर्ति सिर्फ पांच केवीए के एक ट्रांसफार्मर के सहारे हो रही है। क्षमता से अधिक लोड होने के कारण तीन से चार घंटे बिजली मिल रही है। जेई विकास शुक्ला ने बताया कि बाबागंज फीडर की लाइन समय से न खिंच पाने की वजह से समस्या आ रही है। वहीं, बिजौली व खमरिया गांव में एक सप्ताह से खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा सके हैं, जिससे 5000 की आबादी बिजली से वंचित है।