फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने की बहन की हत्या

Sat, 29 Jun 2024 03:27 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार भोर में प्रेम प्रसंग से नाराज भाई ने सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर बहन की हत्या कर दी। मां ने खून से लथपथ बेटी का शव देखा तो चीख पड़ी। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव से ही हत्यारोपी अधेड़ आयु के भाई को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल आई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
विज्ञापन

सफदरगंज के नई बस्ती निवासी उस्मान (50) के परिवार में दो भाई, मां जोहरा, पत्नी व चार बहन हैं। करीब ढाई साल पहले उसने अपनी दूसरी बहन जमीला बानो (30) का विवाह मसौली थाना के त्रिलोकपुर गांव निवासी आसिफ के साथ किया था। पिछले 15 दिनों से जमीला मायके में रह रही थी। बृहस्पतिवार की रात परिवार के सभी लोग खाना सोए थे। शुक्रवार भोर जब मां जोहरा उठी और बेटी का खून से लथपथ शव देखा तो चीख पड़ी। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के अलावा एएसपी दक्षिणी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह, सीओ सदर सुमित त्रिपाठी व फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने खून से सनी कुल्हाड़ी घर से ही बरामद करने के बाद गांव से हत्यारोपी उस्मान को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी भाई ने मौके से भागने की कोई कोशिश भी नहीं की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि शादी करने के बाद भी बहन गांव के किसी युवक से बातचीत करती थी।
विज्ञापन

यह बात ससुराल वालों को पता चली तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए बहन को 15 दिन के लिए मायके भेज दिया। घर पहुंचने के बाद भी उसने युवक से बात करना नहीं छोड़ा। इससे गांव में हो रही बदनामी के कारण वह काफी परेशान था। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में मां जोहरा की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
युवती की नृशंस हत्या की घटना के बाद नई बस्ती में दहशत का माहौल रहा। चर्चा है कि भाई उस्मान ने कई बार बहन को युवक से संबंध तोड़कर शादीशुदा जिंदगी खुशी से बिताने के लिए चेताया था। बहन के आचरण से उसके ससुराल वाले भी परेशान थे। कुछ दिन पहले ससुरालवाले उस्मान के घर भी आए थे। इससे पूरे गांव में बदनामी होने लगी थी। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें