मसौली (बाराबंकी)। सफदरगंज थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव में बंदर के डर से भागे बुजुर्ग की छत से गिरकर मौत हो गई। चंदवारा गांव में सैकड़ों बंदर हैं। आए दिन बंदरों के झुंड बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर हमला कर रहे हैं।
बंदरों ने विगत दिनों कई लोगों पर हमला कर दिया था। गांव की गरिमा रावत, राजपति, आकांक्षा जयसवाल, आफाक अहमद राइन, पंकज लोधी, उमंग कार्तिक, हुसैन अली, अताउल हक सहित कई लोग घायल हो गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार उच्चाधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों को शिकायत कर बंदरों से निजात दिलाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
मंगलवार की सुबह रामकुमार जायसवाल (70) घर की छत पर बैठे थे, तभी बंदर ने हमला कर दिया। घबराकर दौड़े रामकुमार असंतलित होकर छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रधान प्रतिनिधि पप्पू जायसवाल का कहना है कि कई बार वन विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।