बाराबंकी। किशोरी से गैंगरेप के बाद उसकी हत्या करने के मामले में एक आरोपी को दस घंटे की रिमांड पर लेकर पुलिस ने बुधवार को उससे पूछताछ की। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर घटनास्थल पर पहुंची जहां से किशोरी का दुपट्टा व हंसिया बरामद की गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
सतरिख थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 अक्तूबर को धान काटने गई एक किशोरी से खेत में सामूहिक दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों ऋषिकेश सिंह व दिनेश गौतम के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया था। सीओ सदर रामसूरत सोनकर ने बताया कि इन आरोपियों में से एक आरोपी ऋषिकेश सिंह को कोर्ट के आदेश पर बुधवार को दस घंटे की पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद घटनास्थल पर जाकर जांच की तो वहां से मृतका का दुपट्टा व धान काटने के लिए जो हंसिया ले गई थी, उसे बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को सुबह दस बजे रिमांड पर जेल से लिया गया था। कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को दोबारा जेल भेज दिया गया है।