रामनगर। स्वर्गीय राजा सरनाम सिंह की स्मृति में अमर सदन कोठी में शनिवार को दो दिवसीय दंगल का आगाज हुआ। उद्घाटन राजा राजेंद्र सिंह रैकवार ने किया। विशिष्ट अतिथि गौरीकांत दीक्षित रहे। शनिवार को हुई कुश्ती में अमित पहलवान दिल्ली ने जोर आजमाइश कर सहारनपुर के परवेज को चित्त कर दिया और 21 सौ रुपये का पुरस्कार जीता। लकी थापा नेपाल ने संजीत दिल्ली को चित्त कर 25 सौ का इनाम जीता। स्थानीय रामनगर के पहलवान राजन ने राजवीर जरवल को हराया। हरियाणा के जितेंद्र पहलवान ने बरेली के हिम्मत को पटखनी दी। कुलदीप हरियाणा ने मंजीत दिल्ली को हराया। दंगल में दिन भर दर्जनों पहलवानों ने कुश्ती लड़ी और अपने अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस अवसर पर भाजपा नेता सिद्धार्थ अवस्थी, दिनेश, दिव्यकांत, रजनीश, प्रहलाद सिंह आदि मौजूद रहे। रविवार को भी दूसरे दिन कुश्ती होगी, जिसमें अयोध्या, नोएडा, बरेली, गोंडा के पहलवानों के साथ मुकाबला होगा।