जिला अस्पताल ओपीडी में इलाज के लिए लगी मरीजों की भीड़।
बाराबंकी। मौसम में आए बदलाव का असर जिला अस्पताल की ओपीडी से लेकर ट्राॅमा सेंटर तक में दिखाई देने लगा है। ट्रॉमा सेंटर के सभी वार्ड मरीजों से भरे हुए हैं। जिससे यहां पर आने वाले मरीजाें को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
ट्राॅमा सेंटर में एक भी बेड खाली नहीं है। रविवार की रात पेट दर्द से पीड़ित भुवन को लेकर परिजन पहुंचे तो प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेड खाली न होने की बात कहकर घर भेज दिया गया। जबकि हादसे में घायल महेश का इलाज स्ट्रेचर पर किया गया। वहीं, सांस ओर खांसी से परेशान निशा को भी प्राथमिक इलाज की ही सुविधा मिल सकी और इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल साैरभ को रेफर का पर्चा थमा दिया गया।
ट्राॅमा सेंटर के सभी बेड फुल होने से पिछले दो-तीन दिनाें से मरीजाें को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, ओपीडी में मंगलवार को आम दिनों की अपेक्षा कड़ाके की ठंड हाेने की वजह से मरीजों की संख्या करीब 1,102 के आसपास रही। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि ट्राॅमा में बेडों की संख्या बढ़ाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। मौजूदा समय में ओपीडी में सबसे ज्यादा मरीज सांस और खांसी के अलावा सर्दी, जुकाम और बुखार के आ रहे हैं जिन्हें बेहतर इलाज मिले इसका पूरा प्रयास किया जाता है।