कई घाटों व मंदिरों का होगा सौंदर्यीकरण
क्षतिग्रस्त मार्गों का कराया जाएगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर पालिका बोर्ड की बहुप्रतीक्षित बैठक बुधवार को नगर पालिका सभागार में हुई। इसमें सर्वसम्मति से साढ़े 58 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी गई। गायत्री मंदिर के निकट छठ व विसर्जन घाट के साथ आधा दर्जन मंदिरों का सौंदर्यीकरण होगा। साथ ही क्षतिग्रस्त मार्गों के निर्माण व नगर के सौंदर्यीकरण को भी हरी झंडी मिली।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह ने 58 करोड़ 57 लाख 40 हजार रुपये के बजट का प्रस्ताव रखा। सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसे पारित कर दिया। इससे पहले लेखाकार ओंकारनाथ ने वर्ष 2022-23 के आय-व्यय का ब्योरा दिया। बताया कि वास्तविक आय 33 करोड़ 84 लाख छह हजार 532 रुपये 36 पैसे हुई। इसमें 25 करोड़ 85 लाख 20 हजार 992 रुपये 45 पैसे व्यय हुए।
प्रधान लिपिक अनूप कुमार के संचालन में अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने सभी सदस्यों को भरोसा दिलाया कि मिलकर क्षेत्र का विकास किया जाएगा। जलभराव व आवागमन की समस्या को दूर करने के लिए न सिर्फ नालियों की मरम्मत व निर्माण कराया जाएगा बल्कि मार्गों को भी दुरुस्त कराया जाएगा। नगर के सौंदर्यीकरण के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। जलाशयों के सौंदर्यीकरण के साथ ही तमसा नदी के प्रदूषण को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान दुर्गावती, अरविंद कुमार, कांजी सरल, ऊषा देवी, प्रदीप मिश्र, शिवकुमार, राजकुमार, अतुल, सविता देवी, रेखा, अनिल कुमार, शबीना खातून, कंचन, वैभव, सत्या, नीतू, बेबी तबस्सुम, आदित्य, अशोक कुमार, संदीप, मोहम्मद सलित के अलावा अवर अभियंता नागेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
यह होंगे प्रमुख कार्य
वार्डों में आवश्यकतानुसार सड़कों व नालियों का नवीनीकरण व मरम्मत का काम, वार्डों में बने सामुदायिक शौचालयों का जीर्णोद्धार व मरम्मत, जलाशयों की मरम्मत व जीर्णोद्धार का काम, नगर क्षेत्र में लगे फव्वारों की मरम्मत, नगर पालिका कार्यालय के सौंदर्यीकरण, अकबरपुर नगर के प्रमुख मार्गों पर डिवाइडर व आकर्षक लाइट, ओवरब्रिज की दीवारों पर पेंटिंग के साथ ही महापुरुषों के चित्र बनाए जाएंगे, तमसा नदी की सफाई, शव वाहन की खरीदारी, समस्त घाटों का सौंदर्यीकरण, गायत्री मंदिर के निकट विसर्जन घाट व छठ पूजा घाट का सौंदर्यीकरण, पंडाटोला स्थित बाउली की मरम्मत व सौंदर्यीकरण, संघतिया स्थित बाबा अयोध्यानाथ मंदिर, जौहरडीह दुर्गा माता मंदिर, काली माता मंदिर, दुर्गा माता मंदिर अमरौला, कलेक्ट्रेट के निकट शिवमंदिर के सौंदर्यीकरण समेत कई अन्य प्रकार के प्रमुख काम कराए जाने को बोर्ड ने मंजूरी प्रदान कर दी है।