बाराबंकी। अब छोटे और मध्यम दुकानदारों को अपने कारोबार का हिसाब-किताब रखने के लिए रजिस्टर और अलग-अलग सॉफ्टवेयर पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से दुकान का लेखा-जोखा रखने से लेकर वित्तीय प्रबंधन और जीएसटी फाइलिंग तक का काम एक ही प्लेटफॉर्म पर करने की पहल की गई है। बाराबंकी के दो छात्रों ने ‘माई स्मार्ट बिल टेक’ नाम से वेबसाइट और एप विकसित किया है, जो दुकानदारों के लिए डिजिटल मुनीम की तरह काम करेगा।
भागमत पुरवा गांव निवासी पुनीत वर्मा और चकसार निवासी अर्पित वर्मा ने मिलकर यह डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया है। दोनों का उद्देश्य छोटे और मध्यम कारोबारियों को आधुनिक तकनीक और एआई से जोड़कर उनके रोजमर्रा के कामकाज को आसान बनाना है। इसके जरिये दुकानदार अपने कारोबार से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के साथ ही वित्तीय गतिविधियों पर भी नजर रख सकेंगे।
एक ही प्लेटफॉर्म पर कारोबार की पूरी व्यवस्था
‘माई स्मार्ट बिल टेक’ में व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं शामिल की गई हैं। इसमें स्मार्ट पीओएस सिस्टम, डिजिटल मुनीम, उधार खाता प्रबंधन, जीएसटी एवं टैक्स फाइलिंग, वित्तीय रिपोर्टिंग और मासिक लाभ-हानि विवरण तैयार करने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा बैलेंस शीट, सेल्स और परचेज रिटर्न तथा सीए रिपोर्ट जनरेट करने जैसे फीचर भी दिए गए हैं। कारोबार से जुड़े सभी जरूरी आंकड़े और रिकॉर्ड एक ही जगह उपलब्ध होने से हिसाब-किताब रखना अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।
एआई बताएगा कारोबार की स्थिति, देगा जरूरी सुझाव
इस प्लेटफॉर्म की खासियत इसमें शामिल एआई आधारित टूल है। यह व्यापार से जुड़े आंकड़ों और गतिविधियों का विश्लेषण कर दुकानदारों को कारोबार की स्थिति समझने में मदद करेगा। उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर यह वित्तीय स्थिति, बिक्री और लाभ-हानि का आकलन करने के साथ कारोबार को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दे सकेगा। टीआरसी महाविद्यालय में बीबीए प्रथम वर्ष के छात्र पुनीत वर्मा और अर्पित वर्मा की यह पहल स्थानीय व्यापारियों के लिए डिजिटल कारोबार की दिशा में उपयोगी साबित हो सकती है। दोनों का प्रयास है कि एआई और आधुनिक तकनीक का लाभ केवल बड़े कारोबारियों तक सीमित न रहे, बल्कि छोटे दुकानदार भी इसका इस्तेमाल कर अपने व्यवसाय को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और लाभकारी बना सकें।