बाराबंकी। प्रदेश में अधिवक्ताओं के साथ होने वाली घटनाओं को देखते हुए प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, बीमा सुविधा दिए जाने के साथ ही न्यायिक अधिकारियों के रिक्त पदों पर तैनाती के लिए शहर से लेकर तहसीलों तक में कार्यरत अधिवक्ता बुधवार को सड़क पर उतरे। वकीलों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी के साथ धरना प्रदर्शन करने के बाद अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
बुधवार को जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हिसाल बारी किदवई, महामंत्री अशोक वर्मा व पूर्व अध्यक्ष जगत बहादुर सिंह के साझा नेतृत्व में वकीलों ने कचहरी परिसर से जुलूस निकाला। सिविल कोर्ट परिसर से होकर जुलूस अयोध्या रोड हाेते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। डीएम कार्यालय के सामने बैठकर वकीलों ने सभा की। सभा में न्यायिक प्रक्रिया का त्वरित व सुलभ संचालन, वकीलों की मूलभूत सुविधाएं, रिक्त अदालतों पर शीघ्र पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति, अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट, दस लाख बीमा कवर, वाहन पार्किंग की व्यवस्था व राज्यसभा एवं विधान परिषद में अधिवक्ता के लिए सीट सुरक्षित किए जाने की मांग को जोर शोर से उठाया। इसके बाद सीएम को संबोधित अपनी मांगों का ज्ञापन भी एडीएम अरुण कुमार सिंह व जिला जज पंकज कुमार सिंह को सौंपा। इस दौरान सुरेंद्र प्रताप सिंह, एमपी सिंह, शंकर दयाल शर्मा, कौशल किशोर त्रिपाठी, सीबी सिंह व राहुल विक्रम सिंह समेत काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
फतेहपुर में बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप कुमार निगम की अगुआई में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से विरत रहते हुए काला दिवस मनाया। इस दौरान विरोध-प्रदर्शन कर वकीलों ने अपनी मांगों का ज्ञापन भी मौजूद प्रशासनिक अफसरों को सौंपा। अधिवक्ताओं ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर कार्य बहिष्कार करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।