देवा (बाराबंकी)। रमजान के पाक व मुकद्दस माह में खास इबादत के लिए काफी संख्या में जायरीन देवा आते हैं। मजार शरीफ पर माथा टेकने व रोजा रख इबादत के लिए जायरीन पहुंच रहे हैं। देवा में आने वाले जायरीन को अगर कुछ खाना पीना है तो जरा संभल करें। क्योंकि यहां पर खाद्य पदार्थों के नाम पर मिलावटी व सिंथेटिक चीजों की खुलेआम बिक्री की जा रही है। खासकर मजार-शरीफ मार्ग, कौमी एकता द्वार व कुर्सी रोड चौराहे के आसपास सिंथेटिक मिठाई, घटिया नूडल्स व घटिया रिफाइंड व तेल में बनी खाद्य सामग्री मनमाने दामाें में बेची जाती है। एफएसडीए विभाग की चुप्पी से इन घटिया सामग्री बेचने वालों के हौसले बुलंद हैं।
कस्बा देवा में सूफी संत की मजार के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देश-विदेश के जायरीन की आमद होती है। लेकिन इन जायरीन को देवा में शुद्ध खाने पीने की सामग्री तक मयस्सर नहीं हो पा रही है। अब मजार शरीफ मार्ग को ही ले लें। यहां पर नानवेज खाने के होटल से लेकर ठेलों पर बिकने वाली खाद्य सामग्री व मिठाइयाें की गुणवत्ता ठीक नहीं है। जायरीन इन दुकानों पर सामान की गुणवत्ता पर उंगली उठाते हैं तो समझो उनकी शामत ही आ गई। घटिया तेल, सिंथेटिक खोआ व अन्य घटिया सामग्री से निर्मित चीजें खाना यहां लोगों की मजबूरी बन गई है। घटिया खाद्य-सामग्री का सेवन करके अक्सर जायरीन बीमार पड़ जाते हैं। इसके बावजूद भी एफएसडीए प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। शुक्रवार को मजार रोड स्थित एक होटल पर बासी खाना (गोश्त) खाने से एक जायरीन परिवार के कुछ सदस्यों को उल्टियां होने लगी। जब इन लोगोें ने खाना की क्वालिटी पर सवाल उठाया तो दुकानदार ने उन्हें खरीखोटी सुनाई। इसके अलावा कुर्सी रोड, पार्किंग स्थल, मजार शरीफ के आसपास बड़ी तादाद में दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री की जा रही है।
देवा में दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं। जल्द ही इनके खिलाफ एफएसडीए की टीम अभियान चला नमूने लेकर जांच कराएगी तथा घटिया सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - वीके पांडेय, अभिहीत अधिकारी एसएसडीएम