त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत छह माह पूर्व गांवों में लगाए गए विद्युत पोल गिर रहे हैं, लेकिन गांव को बिजली अब तक नहीं पहुंचाई जा सकी है। कई गांवों में तार बिछाए छह माह से अधिक समय बीत गया है। शिकायत पर पावर कॉर्पोरेशनकर्मी अन्य एजेंसी द्वारा विद्युतीकरण का कार्य कराए जाने की बात कह पल्ला झाड़ लेते हैं।
ग्राम पंचायतों के मजरों तक बिजली पहुंचाने के लिए राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत क्षेत्र के कई गांवो में बीते वर्ष से विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण कई गांवों में लगाए गए विद्युत पोल गिरने लगे है। लगाए गए विद्युत पोल में अभी तक विद्युत तार भी नहीं खींचे गए हैं। क्षेत्र के दयारामपुरवा व दोहरी के कर्मेमऊ गांव में छह माह पहले विद्युतीकरण के लिए पोल लगा कर गए। इसके बाद कोई दोबारा गांव लौटकर नहीं आया। विद्युत खंभों में तार नहीं लगाए जाने से पोल टूट कर गिर रहे हैं। दयारामपुरवा के प्रधान राम कुमार ने कई बार पावर कार्पोरेशन कर्मियों से इसकी शिकायत की, लेकिन उनका कार्य नहीं होने की बात कह कर समस्या को अनसुनी कर दिया गया। इसके अलावा लोनीकटरा, सादुल्लापुर, जयचंदमऊ, दहिला, मदरहा, राघवपुर आदि गांवों में तो जनवरी माह में पोल लगाकर तार भी खींच दिया गया था, लेकिन बिजली आज तक नहीं आई है। यही नहीं अलादादपुर गांव में विद्युत आपूर्ति होने पर मात्र चार लोगाें के यहां विद्युत कनेक्शन कर गांव से चले गए। अब विद्युत कनेक्शन के लिए ग्रामीण भटक रहे हैं। विद्युत उपखंड अधिकारी जेपी गौतम ने कहा गांवों में नया विद्युतीकरण कार्य निजी फर्मों से किया जा रहा है। विद्युतीकरण होने की सूचना पर पावर कॉर्पोरेशन कार्य की जांच के बाद गांव को विद्युत आपूर्ति शुरू करता है।