जिले की नोडल अफसर अनीता भटनागर जैन विकास कार्यों की प्रगति जानने के लिए बुुलाई गई बैठक में कहा कि आज बुकलेट नही खोलेंगे, ऐसे ही बात होगी। विभागवार समीक्षा के दौरान नगर पालिका की ईओ जानकारी नहीं दे पाईं तो उन्हें जमकर फटकार लगाते हुए कहा आपके कार्यालय से लेकर कोई काम अच्छा नहीं है। इसके बाद प्राथमिक विद्यालयों में नामांकन की संख्या पूछने पर एडी बेसिक कुछ नहीं बता पाए तो उन्हें कहा कि बैठक से जाइए जानकारी लेकर आइए। थोड़ी देर बाद लौट कर उन्होंने जानकारी उपलब्ध कराई।
श्रीमती जैन गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहीं थीं। डीएम, एसपी के साथ शुरू हुई बैठक में सब कुछ ठीक था। कहा कि जिन विभागों को बजट मिल गया है वह तेज गति से काम शुरू कर दें। आज बुकलेट देखकर समीक्षा नहीं होगी। सिर्फ बातचीत में जानकारी ली जाएगी। मानूसन आने पर ईओ नगर पालिका से पूछा शहर में कितने नाले हैं, सफाई कितनी हो चुकी है और कितने समय में सफाई का कार्य पूूरा हो जाएगा।
इस पर ईओ सही जवाब नहीं दे पाईं तो उन्हें फटकार लगातेे हुए कहा कि पिछले महीने आप के कार्यालय की समीक्षा में भी गड़बड़ी मिली लंबे समय तक दुकानों का किराया नहीं जमा है उस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। इसके बाद बेसिक शिक्षा में जल्द शुरू होने वाले सत्र के बारे में पूछा इस वर्ष कितने दाखिले हुए हैं। बैठक में मौजूद एडी बेसिक जिनके पास बीएसए का चार्ज है, कोई जानकारी नहीं दे सके। मैडम ने कहा कोई जानकारी नहीं है तो बैठक में क्यूं आए, जाइए पहले जानकारी लेकर आएं। वह बैठक से बाहर गए जानकारी लेकर तब लौटे। इस बीच गन्ना किसानों का भुगतान न होने पर भी नाराजगी जताई। बैठक में डीएम उदयभानु त्रिपाठी, एसपी वीपी श्रीवास्तव, एडीएम, सीएमओ डॉ.रमेश कुमार, डीडीओ जगदीश प्रसाद त्रिपाठी मौजूद रहे।