बाराबंकी। जिलाधिकारी ने एएसपी और जिला आबकारी अधिकारी के साथ शहर में संचालित शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। वहीं एसडीएम फतेहपुर और सिरौलीगौसपुर ने भी शराब की दुकानों की जांच की और नमूने जांच के लिए भेजे हैं। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने एएसपी आरएस गौतम के साथ पल्हरी चौराहा स्थित अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान पर छापा मारा।
जिलाधिकारी के निर्देेश पर आबकारी विभाग की टीम ने शराब की गुणवत्ता और बार कोड की जांच के साथ ही स्टॉक रजिस्टर से मिलान भी किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने चढ्ढा गोदाम और सीएल-2 गोदाम का भी निरीक्षण किया। यहां खामियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए। डीएम ने जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र प्रसाद को निर्देश दिया कि शराब की दुकानों की नियमित जांच कराई जाए। वहीं एसडीएम फतेहपुर पंकज सिंह ने सीओ योगेंद्र कुमार व आबकारी निरीक्षक शैलेंद्र तिवारी के साथ पटेल चौराहा, बस स्टॉप, मुंशीगंज, राजा बाजार व साढ़ेमऊ स्थित देशी शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। गंदगी देख एसडीएम ने सेल्समैन को फटकार लगाई और नमूना जांच के लिए भेजा है। एसडीएम सिरौलीगौसपुर प्रतिपाल सिंह ने पुरनिया, भरथीपुर और मेलारायगंज स्थित शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए सफाई के निर्देेश दिए और तीनों दुकानों से शराब का नमूने जांच को भेजे हैं। वहीं एसडीएम रामसनेहीघाट दिव्यांशु पटेल ने भी कई शराब की दुकानों का निरीक्षण किया।