बाराबंकी। शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए शुक्रवार को अभियान चलाया गया। नगर पालिका परिषद व तहसील की टीम ने मुख्य बाजार में अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान कई निर्माण पर बुलडोजर (जेसीबी) चलाया गया। इस कार्रवाई से अफरातफरी का माहौल रहा।
इस अभियान की शुुरुआत शुक्रवार सुबह शहर के नाका चौराहे से हुई। संयुक्त टीम ने धनोखर चौराहे तक अतिक्रमण हटवाया। जेसीबी लेकर पुलिस बल के साथ पहुंची टीम को देखकर सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण करने वाले लोग भाग खड़े हुए। अचानक शुरू हुई कार्रवाई से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। टीम ने जेसीबी की मदद से सड़क तक फैले टिनशेड को उखाड़ दिया। धनोखर चौराहे के रास्ते में भी अवैध निर्माण ढहाया गया। अधिकारियों ने फुटपाथ पर लगाए गए लोहे के रॉड आदि को हटवाने की दुकानदारों को हिदायत दी। काफी देर तक टीम ने अतिक्रमण को हटवाकर सड़क को साफ कराया।