बाराबंकी। जैदपुर क्षेत्र में साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में हुए हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपनी ससुराल से लौट रहा था। टिकैतनगर क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव निवासी अवधेश कुमार (30) पुत्र शत्रोहन लाल बाइक से शुक्रवार को अपनी ससुराल फतेहगंज से मौसी के घर जा रहा था। जैदपुर-बाराबंकी मार्ग पर तकिया चौराहा के पास जानकी मंदिर मोड़ के पास अचानक सामने आए साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में अवधेश की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस हादसे में मौके पर ही अवधेश की मौत हो गई। हादसे के बाद साइकिल सवार वहां से भाग निकला। राहगीरों से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।