बाराबंकी। दूसरे थाने में तबादला होने के बाद भी जैदपुर में सक्रिय एक चर्चित सिपाही शनिवार देर शाम पुलिस चेकिंग में रोक लिया गया। कार के कागजात मांगने पर वह चौकी प्रभारी से बहस करने लगा। नौबत कहासुनी की आ गई। इसके बाद भी पुलिस कर्मियों ने सिपाही की कार के कागजात न होने पर उसे सीज कर दिया।
पुलिस के मुताबिक बड्डूपुर थाने में तैनात सिपाही शैलेश चौधरी अक्सर कार से जैदपुर क्षेत्र के भिटौरा लखन गांव में आता है। उसके संपर्क में रहने वालों की छवि अच्छी नहीं बताई जाती है। शैलेश लंबे समय तक जैदपुर में तैनात रहा है। 24 जुलाई को एसपी ने उसका तबादला थाना बड्डूपुर कर दिया था। इसके बाद भी सिपाही शैलेश जैदपुर क्षेत्र में सक्रिय रहता था। शनिवार देर शाम में दरोगा विपिन सिंह सिद्धौर मार्ग पर भिटौरा लखन के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक कार को रोककर चालक से वाहन के कागज मांगे। कार में सवार सिपाही शैलेश चौधरी कार के कागज नहीं दिखा पाया। आरोप है कि सिपाही बहस करने लगा तो पुलिस कर्मी उसे थाने ले गए और वहां भी कहासुनी की। अधिकारियों को जानकारी हुई तो सिपाही की कार सीज कर दी गई। थाना प्रभारी संदीप राय ने बताया कि सिपाही की कार के कागज नहीं थे। ग्रामीणों की शिकायत पर तबादला होने के बाद भी वह क्षेत्र में सक्रिय रहता है। अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया गया है।