बाराबंकी। एक व्यापारी के घर से जबरन सोफा उठा ले जाने के मामले में लाइन हाजिर किए गए दोनों पुलिस कर्मियों को शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सीओ की जांच पूरी होने पर की गई।
देवा क्षेत्र के ढिढ़ोरा मजरे सलारपुर निवासी व्यापारी मो. फैयाज ने दो पुलिस कर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से गत दिनों शिकायत की थी। आरोप लगाया कि देवा कोतवाली के मुख्य आरक्षी (दीवान) नियाज अहमद व आरक्षी बदुदुलहई खान 17 मार्च को घर से कीमती सोफा सेट जबरन वाहन में लदवा ले गए। बताया कि सोफा वाहन में लादने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। उसकी फुटेज भी फैयाज ने दिखाई। एसपी ने गुरुवार को पूरे मामले की जांच सीओ नगर सुशील कुमार सिंह को दी। इसके साथ दोनों आरोपी पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। शुक्रवार को सीओ ने जांच रिपोर्ट एसपी को सौंपी। इसके बाद एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने दोनों पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया है। एसपी की इस कार्रवाई से अन्य पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया है।