बाराबंकी। लखनऊ हाईवे पर स्थित गोल्डन ब्लाजम, हाईवे ग्रीन रेस्टोरेंट समेत छह भवनों के निर्माण में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। एसडीएम सदर ने सभी छह भवन निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया है।
एसडीएम सदर अभय कुमार पांडेय के मुताबिक शहर के नजदीक हाईवे पर कुरौली मोड़ स्थित हाईवे ग्रीन रेस्टोरेंट, लखनऊ हाईवे पर मोहम्मदपुर चौकी के पास गोल्डन ब्लाजम, भारत गैस गोदाम, दयाल फैक्टरी, धरसनिया के पास एस्सार का पेट्रोल पंप और पैसार में मंजू जैन के निर्माण करा लिया गया है। इन लोगों ने भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं लगाया है। इनके द्वारा मांगने के बाद भी नक्शा नहीं दिखाया जा रहा है। इसके चलते इन सभी को नोटिस देकर जवाब तलब किया गया है। एसडीएम अभय पांडेय ने बताया कि आधा दर्जन भवन निर्माणकर्ताओं ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं लगाया गया है। इनके द्वारा नक्शा भी नहीं दिखाया जा रहा है। इसलिए सभी को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया गया है।
स्मार्ट ग्रीन सिटी को भी नोटिस
गदिया के निकट स्मार्ट ग्रीन सिटी के नाम से प्लाटिंग की जा रही है। एसडीएम सदर के आदेश पर विनियमित क्षेत्र के जेई एसबी गुप्ता ने इसकी जांच की। बिना अनुमति प्लाटिंग किए जाने पर नोटिस जारी करते हुए संबंधित व्यक्ति से एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। एसडीएम ने बताया कि उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।