बाराबंकी। हाईकाेर्ट के आदेश पर जिले के 10 प्राथमिक और 521 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में, जहां छात्र संख्या अधिक है वहां प्रभारी प्रधानाध्यापक नामित किए जाने की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को तेज कर दी गई है। प्राथमिक में 150 व उच्च प्राथमिक कक्षाओं में 100 छात्र संख्या होने पर प्रधानाध्यापक की तैनाती की जाएगी।
एसए द्वारा खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों के अनुसार सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से यह पूरी कार्रवाई 23 जनवरी की शाम 3:00 बजे तक मांगी गई है। प्राप्त प्रस्तावों और सूचनाओं के आधार पर 24 जनवरी को अपराह्न 3:00 बजे प्रभारी प्रधानाध्यापकों की सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
जिले में प्रधानाध्यापक का कार्य देख रहे सहायक अध्यापकों ने प्रधानाध्यापक के समकक्ष वेतन की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिस पर उन्हें राहत मिली थी। इसके बाद यह स्पष्ट करने की जरूरत पड़ी कि किन परिस्थितियों में प्रभारी प्रधानाध्यापक को वेतन देय होगा। हाईकोर्ट के निर्देशों के क्रम में विभाग ने साफ किया है कि जिन विद्यालयों में छात्र संख्या कम है, वहां पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी होने तक वरिष्ठ सहायक अध्यापक को ही प्रधानाध्यापक का दायित्व सौंपा जाएगा। यदि किसी कारणवश वरिष्ठ अध्यापक के स्थान पर कनिष्ठ अध्यापक को यह जिम्मेदारी दी जाती है, तो उन्हें प्रधानाध्यापक पद का कोई अतिरिक्त वेतन नहीं मिलेगा।