बाराबंकी। शहर के एक निजी अस्पताल में युवती से दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस निजी अस्पताल के डॉक्टर की भूमिका के बारे में भी पड़ताल कर रही है। शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती के अनुसार एक अगस्त को वह अयोध्या रोड पर छाया रोड की ओर जाने वाली नर्सरी के पास स्थित निजी अस्पताल में काम करने गई थी। युवती का आरोप है कि अस्पताल में रहने वाले साहिल ने उसे बहाने से शाम तक क्लीनिक में रोका। देर शाम साहिल ने उसे धमकी देकर क्लीनिक में ही उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती के मुताबिक आरोपी ने इस दौरान उसका वीडियो भी बना लिया और शिकायत करने पर वायरल करने की धमकी दी। उसने अगले दिन डॉक्टर से घटना की शिकायत की। आरोप है कि डॉक्टर ने कार्रवाई करने के बजाय कर्मचारी का पक्ष लिया। रविवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी साहिल से घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है। (संवाद)